भोपाल। वन विहार नेशनल पार्क में टाइगर को पत्थर मारे जाने पर बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर इसका वेडियो शेयर किया। इसमें वन विहार के मैनेजमेंट पर भी सवाल खड़े किए हैं। एक्ट्रेस ने लिखा- ये बदमाश, बाघों पर पथराव करते हैं। बाघ के लिए कोई सुरक्षा नहीं है। हालांकि, वन विहार मैनेजमेंट ने इस मामले में पहले से जांच किए जाने का दावा किया है।
रवीना मध्यप्रदेश के टाइगर रिजर्व में अक्सर घूमने आती रहती हैं। इसी साल जून में वे बेटी के साथ सतपुड़ा टाइगर रिजर्व आई थीं। इससे पहले पति, बेटी के साथ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भी घूमने आई थीं। वन विहार का जो VIDEO एक्ट्रेस ने शेयर किया है, उसमें कुछ युवक केज की जाली भी हिलाते दिख रहे हैं।
वन विहार की डायरेक्टर पद्मा प्रिया बालाकृष्ण ने कहा, वीडियो में कोई चिल्ला रहा है कि पत्थर मत मारो, इसकी सत्यता की पूरी जांच होगी। परेशान करने वाले दो युवक एक साल के लिए प्रतिबंधित रहेंगे। उनके फोटो गेट पर लगा दिए गए हैं। जांच कमेटी भी बनाई गई है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी जवाब मांगा गया है। एक दिन में ऐसे मामले में वन विहार को बदनाम करना गलत है। हमेशा यहां पूरी तरह सतर्क निगरानी होती है।
Post a Comment