रतलाम। मध्य प्रदेश। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने रतलाम के कलेक्टर को चेतावनी दी है कि विधानसभा में आने के लिए तैयार रहें। उनका आरोप है कि कलेक्टर जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं करते। एक दिन पहले किसानों को खाद दिलाने के लिए कांग्रेस ने हंगामा किया था, जिसमें शामिल होने के लिए कई विधायक रतलाम पहुंचे थे। कलेक्टर कार्यालय के बाहर हो रहे इस हंगामे के दौरान कलेक्टर अपने ऑफिस से बाहर नहीं निकले।
काफी देर तक हुए हंगामे के बाद कलेक्टर कांग्रेस विधायकों से एक बंद कमरे में मिले। इस दौरान वह कांग्रेस नेताओं को उनकी मर्यादाओं के बारे में बताने लगे। उन्होंने कहा कि हर प्रतिनिधि की अपनी मर्यादा होती है और हर किसी को अपनी मर्यादा के भीतर रहना चाहिए। इस पर कांग्रेस नेताओं और कलेक्टर के बीच बहस शुरू हो गई।
इससे पहले गुरुवार को पुलिस ने आलोट से कांग्रेस विधायक मनोज चावला और उनके साथी योगेंद्र सिंह जादौन के खिलाफ विपणन संघ के गोदाम से खाद लूटने के मामले में लूट सहित शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया था। गोदाम के इंचार्ज के आवेदन पर यह केस दर्ज किया गया था। गोदाम से किसानों की खाद लूटने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। घटना की जानकारी मिलते ही शाम को कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी भी आलोट पहुंच गए थे। इसके बाद कलेक्टर ने एसडीएम को हटाने के निर्देश दिए थे, हालांकि अगले दिन शुक्रवार को उन्होंने उन्हें वहीं पर पदस्थ रहने की बात कही।
Post a Comment