दुर्घटना: बागेश्वर धाम सरकार के दरबार में मची भगदड़:महिला की मौत, कई श्रद्धालु घायल



भोपाल। भिंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में मंगलवार को भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। ये महिला परिवार के साथ बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने आई थीं। भगदड़ में 4 से 5 श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। घटना के बाद दंदरौआ धाम के आसपास एरिया के मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिए गए।

दोपहर के वक्त मची भगदड़
मंगलवार सुबह 9 बजे से दिव्य दरबार का आयोजन हुआ। दोपहर में भगदड़ मच गई। जिसमें मुरैना के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रहने वाली कृष्णा देवी बंसल (55 साल) फंस गईं। इसी दौरान चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त उनका बेटा, दामाद और बेटी की सास भी साथ थे।

बेटा बोला- कोई इंतजाम नहीं थे
मृतका के बेटे ने बताया कि घटना के वक्त हम सभी लोग मंदिर के घंटे के पास खड़े थे। इसी समय पीछे से धक्का लगा और मां नीचे गिर गईं। भीड़ उनके ऊपर से निकलती चली गईं। जैसे-तैसे मां को भीड़ के बीच से निकाला। पुलिस वालों से मदद मांगी।

हादसे के बाद कहीं पर भी मेडिकल सुविधा नहीं मिली। पुलिस वालों ने एंबुलेंस को बुलवाया। एंबुलेंस आने में देरी हो गई। मां को एंबुलेंस में लेकर हम लोग मौ कस्बे के सरकारी अस्पताल गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भीड़ कंट्रोल नहीं हुई, पुलिसवाले साइड में खड़े हो गए
मृतक के बेटे ने आगे बताया- मौके पर लोगों की भारी भीड़ पहुंची थी। जबकि इतने लोगों के हिसाब से आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था नहीं की थी। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण लोग बैरिकेड्स तोड़कर आने-जाने लगे। इस वजह से भगदड़ मच गई। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए मौजूद पुलिस जवान खुद भगदड़ के दौरान स्वयं की सुरक्षा करते हुए साइड में खड़े हो गए।


0/Post a Comment/Comments