देश, politics: विरोध में प्रत्याशी नहीं था, तो नोटा ने दी टक्कर.. अंधेरी से जीती ऋतुजा
मुंबई। अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव (Andheri East Assembly By Election) में शिवसेना उद्धव ठाकरे पार्टी की उम्मीदवार ऋतुजा लटके (Rutuja Latke) ने जीत दर्ज कर ली है। ऋतुजा ने 64 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उनकी बंपर जीत के बीच चर्चा नोटा (NOTA in Andheri East) की ज्यादा हो रही है। दरअसल चुनाव में किसी दल ने प्रत्याशी नहीं खड़ा किया था। लेकिन नोटा पर इस विधानसभा में खूब वोट पड़े। संभवतः यह देश का पहला चुनाव होगा जिसमें किसी उम्मीदवार की जगह लोगों ने नोटा को इतनी बड़ी संख्या में चुना है। हालांकि, नोटा को लेकर बीते कुछ दिनों में अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव क्षेत्र में जमकर साजिश के आरोप भी लगे। ऋतुजा लटके के खेमे ने यह आरोप लगाया गया था कि उनके खिलाफ लोगों के बीच में षड्यंत्र रचा जा रहा है। लोगों को इस बात के लिए उकसाया जा रहा है कि वह ऋतुजा लटके की जगह नोटा का बटन दबाएं।
ऋतुजा लटके की जीतना पहले से ही तय माना जा रहा था। लेकिन इस चुनाव में नोटा का आंकड़ा हैरान करने वाला है। नतीजों को देखें तो जहां एक ओर शिवसेना उद्धव ठाकरे पार्टी की ऋतुजा को कुल पड़े मतों में से 76 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं नोटा दूसरे नंबर पर है। नोटा को यहां करीब 15 फीसदी (14.8 प्रतिशत) वोट मिले हैं। चुनाव आयोग से मिले आंकड़ों के मुताबिक ऋतुजा को 66530 वोट मिले हैं। वहीं नोटा को 12806 लोगों ने वोट दिया। इसके अलावा दूसरे उम्मीदवार डेढ़ हजार वोटों से आगे नहीं बढ़ सके। यानी ऋतुजा लटके का मुख्य मुकाबला किसी कैंडिडेट से न होकर None of the above यानी नोटा से था।
Post a Comment