Bharat jodo Yatra: RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन शामिल हुए 'भारत जोड़ो' यात्रा में राहुल गांधी के साथ सवाई माधोपुर से शुरू हुई यात्रा


नई दिल्ली: 
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने बुधवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा सांसद राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा में शिरकत की. राजस्थान के सवाई माधोपुर इलाके में चल रही 'भारत जोड़ो' यात्रा के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए, जिनमें राहुल गांधी और रघुराम राजन को साथ-साथ चलते हुए बातें करते देखा जा सकता है.

7 सितंबर, 2022 को भारत के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से शुरू हुई 'भारत जोड़ो' यात्रा देश के उत्तरी केंद्रशासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर तक जाएगी, और इसके तहत लगभग 150 दिन में 3,500 किलोमीटर से ज़्यादा पैदल चलना होगा. 'भारत जोड़ो' यात्रा संभवतः अगले साल गणतंत्र दिवस पर समाप्त होगी. 'भारत जोड़ो' यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान पहुंच चुकी है, और यहां से यह हरियाणा में प्रवेश करेगी, और अब तक कई जानी-मानी हस्तियां यात्रा में शिरकत कर चुकी हैं.

कई विपक्षी दलों के जाने-माने राजनेताओं के अतिरिक्त समाजसेवी मेधा पाटकर, स्वयंभू गॉडमैन नामदेव दास त्यागी (जिन्हें कम्प्यूटर बाबा के नाम से जाना जाता है), अभिनेत्री स्वरा भास्कर तथा पेशेवर बॉक्सर विजेंद्र सिंह पिछले कुछ समय के दौरान राहुल गांधी के साथ 'भारत जोड़ो' यात्रा में शामिल हो चुके हैं।

राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।इससे पहले मंगलवार को दौसा में ही राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर लिखे इन स्लोगन को तुरंत मिटाया गया है।

यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट

आज राहुल की यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हो चुकी है। सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंचेगी। टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक है। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 6:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का लास्ट पॉइंट है। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई है। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया है।

राहुल गांधी की राजस्थान में यात्रा का आज 10वां दिन है। 19 दिसंबर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका है।

राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही है। यात्रा में पायलट समर्थकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। यात्रा के दौरान पायलट समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी करते देखे—सुने जा सकते हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 2 ​जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैंं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 16 दिसंबर को यात्रा के 100 दिन पूरा होने पर राहुल गांधी जयपुर जाएंगे। वहां सुनिधि चौहान के म्यूजिक इवेंट में सभी यात्री शामिल होंगे।


0/Post a Comment/Comments