राहुल के जूते के फीते बांधने का मामला.. भंवर जितेंद्र सिंह को फसाने चले थे, खुद फंस गए अमित मालवीय ...

नई दिल्ली। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के एक वीडियो को लेकर राजनीति गरमा गई है। हालांकि इस बार भी उन्हें मात ही खानी पड़ी है।मालवीय ने बुधवार को ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने अलवर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के जूते के फीते बांधे हैं।

मालवीय ने लिखा कि कांग्रेस में पिद्दियों की कमी नहीं है। सिंह राहुल गांधी के जूतों के फीते बांधने के लिए अपने घुटनों पर आ गए। खड़गे जी इसी परिपाटी की बात कर रहे थे।

इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने दूसरा वीडियो जारी करते हुए कहा कि ऐसा नहीं था। फीते मेरे खुले हुए थे, राहुल गांधी के कहने पर अपने फीते बांधे थे।उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा ने राहुल गांधी की टीशर्ट को 25 हजार रुपए की होने का दावा किया था। अब वीडियो जारी कर यह दावा किया है कि भंवर जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के जूते के फीते बांधे।

 - Dainik Bhaskar

इस ट्वीट के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने 21 दिसंबर को ही रात 8 बजे के करीब इसी घटना से जुड़ा दूसरा वीडियो जारी किया। यह अलग एंगल से था, जिसमें भंवर जितेंद्र सिंह खुद के जूते के फीते बांधते हुए नजर आ रहे हैं।

 - Dainik Bhaskar

 मानहानि का केस करेंगे

जितेन्द्र  सिंह ने वीडियो जारी कर घटना के बारे में भी बताया। कहा कि राहुल गांधी के साथ यात्रा में चलते हुए उनके (भंवर जितेंद्र सिंह) जूते का फीता खुल गया था। राहुल गांधी ने पीछे से इसके बारे में टोका और फीता बांधने को कहा। मैंने तुरंत अपने जूते का फीता बांध लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरेआम झूठ बोलती है। इस वीडियो (अमित मालवीय का वीडियो) को तुरंत बीजेपी के नेताओं ने नहीं हटाया और माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ मानहानि का केस किया जाएगा।

पूर्व मंत्री के रिएक्शन और सफाई के बाद भाजपा नेता अमित मालवीय घिर गए। सोशल मीडिया पर अब उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि अभी (गुरुवार दोपहर) तक उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से वीडियो नहीं हटाया है।

कांग्रेस ने भी अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से जितेंद्र सिंह के ट्वीट को शेयर कर भाजपा पर सवाल उठाए हैं और उससे राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा है। इसके अलावा कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी तंज भरा ट्वीट कर कहा- झूठ फिर पकड़ लिया गया।

श्रीनेत ने तो राहुल गांधी का जूता तक ट्वीट कर दिया। लिखा कि राहुल गांधी के जूते फीता-फ्री हैं। उनमें जो फीते हैं वे बांधने वाले हैं ही नहीं। इसके साथ ही सुप्रिया ने भाजपा पर करारा तंज भी किया।

दरअसल, अमित मालवीय ने जो वीडियो जारी किया, उसे देखने पर लग रहा है कि राहुल गांधी के साथ चलते भंवर जितेंद्र सिंह को राहुल ने कुछ कहा और फिर वो झुककर जूते के फीते बांधने लगे।

0/Post a Comment/Comments