गूगल फॉर इंडिया का आठवां एडिशन सोमवार को नई दिल्ली में हुआ। इवेंट में गूगल ने अपने फाइल्स ऐप के जरिए डिजिलॉकर और गूगल पे का नया 'ट्रांजैक्शन सर्च' फीचर जैसी कई घोषणाएं की है। कंपनी के CEO सुंदर पिचाई इस इवेंट में शामिल होने के लिए भारत आए थे। कम्युनिकेशन मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव भी इवेंट में मौजूद रहे।
सुंदर पिचाई ने कहा, हमने UPI स्टैक के आधार पर भारत में गूगल-पे बनाया है और अब हम इसे दुनिया भर के अन्य देशों में ला रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि हम एक शक्तिशाली एआई मॉडल पर काम कर रहे हैं जो हजारों भाषाओं में जानकारी ला सकता है।
वहीं अश्विनी वैष्णव ने कहा, ऐसे कई क्षेत्र हैं जिनमें AI महत्वपूर्ण बदलाव लाने जा रहा है। कृषि एक ऐसा है, भाषा की खाई को पाटना दूसरा है, और फिर डेवलपमेंट साइकिल के बॉटम में लोगों के लिए क्रेडिट को सुलभ बनाना।
अब गूगल फाइल्स पर भी डिजिलॉकर
गूगल ने इवेंट में एंड्रॉइड फोन यूजर्स के लिए नई सुविधा का ऐलान किया है। इसके तहत यूजर गूगल फाइल्स ऐप के जरिए भी डिजिलॉकर यूज कर सकेंगे। डिजिलॉकर एक तरह का वर्चुअल लॉकर है। इसमें सभी जरूरी दस्तावेजों को पेपरलेस फॉर्मेट में डिजिटल तरीके से स्टोर करके रख सकते हैं। डिजिलॉकर में सेव किए गए सभी डॉक्यूमेंट्स पूरी तरह से मान्य हैं।
गूगल-पे का नया ट्रांजैक्शन सर्च फीचर
गूगल-पे ने नया 'ट्रांजैक्शन सर्च' फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से वॉइस के जरिए यूजर अपने ट्रांजैक्शन के बारे में जान पाएगा। संदिग्ध ट्रांजैक्शन के लिए गूगल पे अब ज्यादा सिक्योरिटी अलर्ट और चेतावनियां दिखाएगा। यह ML एल्गोरिदम का उपयोग करता है। ये चेतावनी रीजनल लैंगवेज में होगी।
वीडियो के अंदर भी सर्च फैसिलिटी
गूगल किसी भी वीडियो के अंदर सर्च फैसिलिटी का परीक्षण कर रहा है। आपको बस 'सर्च इन वीडियो फीचर' के जरिए अपनी क्वेरी टाइप करना होगा और वीडियो में ठीक उस जगह पर जा पाएंगे जिसे आप ढूंढ रहे हैं। वीडियो में किसी भी चीज को सर्च करने के लिए पहले केवल सीक का ऑप्शन था। 'सर्च इन वीडियो फीचर' सर्च का आसान बनाएगा।
Post a Comment