अन्य संगठनों के समर्थन से यहां भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में महात्मा गांधी चौराहे से अवधपुरी तिराहे तक रास्ता बंद है। इससे अवधपुरी और आसपास की 2 लाख की आबादी परेशान है। उन्हें डायवर्टेड रूट से लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं।
राजधानी में चल रहे धरने की आग प्रदेश के दूसरे शहरों में फैल रही है। उज्जैन के महिदपुर में आज करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस के रोकने पर कार्यकर्ताओं ने झड़प की। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी को खदेड़ा। खंडवा में दो दिन पहले CM का पुतला जलाने पर FIR हुई है। आगर और शाजापुर में भी CM के पुतले जलाए गए।
सरकार के साथ 5वें दौर की बात, सरकार कमेटी बनाने को तैयार
धरने और अनशन पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, प्रदर्शनकारी हमारे अपने हैं। कोई गैर नहीं। हम भाइयों में आपस में कोई बैर नहीं। उनसे चर्चा करेंगे, आग्रह करेंगे, निवेदन करेंगे। मेरा मानना है कि हमारे स्वजन हैं, मान जाएंगे। करणी सेना परिवार सर्व समाज के संगठन मंत्री शैलेंद्र झाला ने बताया कि मप्र सरकार के साथ पांचवें दौर की बात हुई है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से भी बातचीत हुई है। अरविंद भदौरिया से भी चर्चा हुई है। सरकार कमेटी बनाने को तैयार है। अनशन कमेटी बनने के बाद टूटेगा। मांगों पर सहमति भी बनी है। लेकिन, लिखित में देने में असमंजस की स्थिति है।
CM को गालियां देने के VIDEO सामने आए
भोपाल में आंदोलन के बीच कई ऐसे VIDEO भी सामने आ रहे हैं, जिसमें अपशब्दों का उपयोग किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गालियां देने पर पिपलानी पुलिस इन VIDEO की जांच कर रही है। CM को अपशब्द कहने के तीन VIDEO सामने आए हैं। पुलिस ने इन्हें ही आधार बनाया है।
करणी सेना परिवार के शख्स पर केस
पुलिस ने इस मामले में आंदोलन में शामिल एक युवक के खिलाफ पिपलानी थाने में केस दर्ज किया है। युवक हरियाणा के भिवानी का रहने वाला ओकेंद्र सिंह राणा है। उस पर प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपशब्द कहने का आरोप है। एडिशनल डीसीपी राजेश सिंह भदोरिया के मुताबिक 8 जनवरी को करणी सेना के जंबूरी मैदान पर हुए प्रदर्शन में शामिल होने ओकेंद्र सिंह राणा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने साथियों के साथ जुलूस निकाला था। इसका वीडियो भी सामने आया था।
8 जनवरी को 5 लोग भूख हड़ताल पर बैठे थे। मंगलवार को दो लोग और बढ़ जाने से संख्या 7 हो गई। इनमें एक स्टूडेंट मानवेंद्र सेंगर (22) है। ओरछा (जिला निवाड़ी) के रहने वाले मानवेंद्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से एलएलबी कर रहे हैं। पिता का ट्रांसपोर्ट का काम है। दूसरे हैं रतलाम के रानायरा के रहने वाले विनोद सुनार्थी (30)। दोनों 300 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर भोपाल आए हैं।
ओरछा धाम से प्रण लेकर निकला था कि आंदोलन में शामिल होते ही अन्न त्याग दूंगा
मैं अपने घर ओरछा से निकलते वक्त राम राजा मंदिर ओरछा धाम से प्रण लेकर निकला था कि आंदोलन में शामिल होते ही अन्न त्याग दूंगा, लेकिन समिति ने भूख हड़ताल के लिए पहले ही पांच लोग नियुक्त कर दिए थे। जीवन दादा से न मिल पाने की वजह से किसी को पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह सबको पता चला कि एक 22 साल का लड़का भी भूख हड़ताल पर है। इस पर मुझे बुलाकर साथ में शामिल किया गया और मेडिकल चेकअप कराया। सरकार बाहर के लोगों को खाना खिला रही है, लेकिन प्रदेश के लोगों की कोई चिंता नहीं है।
जीवन सिंह शेरपुर ने कहा, BJP को वोट मत देना
आंदोलन के तीसरे दिन मंगलवार को करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर का VIDEO सामने आया। इसमें वे प्रदर्शनकारियों और अपने समर्थकों को भाजपा को वोट नहीं देने की कसम खिला रहे हैं। उन्होंने कहा- हम परिवर्तन करने आए हैं, व्यवस्था में परिवर्तन तभी आएगा। मर जाना, लेकिन कसम खालो BJP को वोट नहीं देना। अगर जीवन सिंह के मरने के बाद भी उसे जीवित रखना है, तो मेरे मरने के बाद कोई उपद्रव नहीं करना, बल्कि ऐसे ही शांतिपूर्ण तरीके से यहीं बैठे रहना।
15 दिन के राशन का इंतजाम
करणी सेना परिवार ने भोपाल के जंबूरी मैदान पर 8 जनवरी को धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। इस दौरान शाम तक उनकी मांगें नहीं माने जाने पर संगठन प्रमुख जीवन सिंह समेत 5 लोगों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। इन लोगों ने 9 जनवरी को एमपी नगर की ओर कूच किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें महात्मा गांधी चौराहे पर ही रोक लिया। तब से करणी सेना के कार्यकर्ता यहीं पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि उनके पास अभी 15 दिन के राशन का इंतजाम है।
Post a Comment